पुरुलिया में करम अखाड़ा की तैयारी पर चर्चा, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने लिया जायजा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुरुलिया, 14 सितंबर: आगामी 20 सितंबर को पुरुलिया जिले के टामना थाना अंतर्गत चाकलतोड़-कोड़ाडीह में प्रस्तावित विशाल करम अखाड़ा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन में पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा से कुड़मी समाज के लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है।

आदिवासी कुड़मी समाज के मूल खूंटी मूल मानता अजित प्रसाद महतो लगातार आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक और चर्चा कर रहे हैं। इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो प्रस्तावित करम अखाड़ा स्थल कोड़ाडीह मैदान पहुंचीं।

उन्होंने अजित प्रसाद महतो से मुलाकात कर कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली और आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। इस दौरान मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

चर्चा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग और पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। आयोजन के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।

बताया गया कि 20 सितंबर को होने वाले इस करम अखाड़ा में विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम जारी है।

Share This Article