विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की शुरुआत, 30 सितंबर तक युवा दे सकेंगे विकसित भारत क्विज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 12 सितंबर : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 की शुरुआत की जा रही है। कार्यक्रम के प्रथम चरण में ‘विकसित भारत क्विज’ प्रतियोगिता का आयोजन MY Bharat पोर्टल पर किया जा रहा है।

15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए आयोजित यह प्रतियोगिता निःशुल्क है। क्विज में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिन्हें पूरा करने के लिए प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

क्विज में चयनित प्रतिभागियों को आगे निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण, राज्य स्तरीय VBYLD और राष्ट्रीय संवाद के विभिन्न चरणों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित VBYLD-2027 में हिस्सा लेंगे। यहां युवाओं को विशेषज्ञों, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। क्षेत्रीय फाइनलिस्ट प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे।

इसी क्रम में MY Bharat, पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी ने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान और जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की से मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने विकसित भारत क्विज के पोस्टर का अनावरण करते हुए जिले के पात्र युवाओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

इच्छुक युवा www.mybharat.gov.in पर लॉगिन कर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और विकसित भारत @2047 की परिकल्पना में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगी।

Share This Article