जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने विद्यालयों में ELC गतिविधियों का लिया जायजा, नए मतदाताओं को Form-6 की दी जानकारी
ईचागढ़, 11 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू एवं ईचागढ़ प्रखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य के तहत दावा-आपत्ति प्रक्रिया का शुक्रवार को जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों का निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने ईचागढ़ के SN +2 हाई स्कूल टीकर, कुकड़ू के राजकीय +2 हाई स्कूल तिरुलडीह तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भ्रमण किया। विद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मतदाता जागरूकता को लेकर चित्रकला और आकर्षक रंगोली तैयार की। अधिकारियों ने इसकी सराहना की। विद्यार्थियों के साथ मतदान और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर संवाद तथा प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
ELC गतिविधियों के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र युवाओं को Form-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही लोगों और विद्यार्थियों से मतदाता सूची में अपने नाम व विवरण की जांच करने तथा आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति या Form-6 के माध्यम से आवेदन करने की अपील की गई।



