पुलिस का दावा- रांची के बुंडू निवासी ‘धोनी’ से गांजा लेकर मानगो और आजादनगर में करते थे सप्लाई
जमशेदपुर, 11 सितंबर : अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और आपूर्ति के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आजादनगर थाना क्षेत्र के वारिश कॉलोनी, बेहरा बागान, रोड नंबर-4 स्थित एक मकान में छापेमारी कर 3.680 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा 1299 पुड़ियों में पैक किया हुआ था। मौके से 6590 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की बिक्री की गुप्त सूचना मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर पटमदा पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने उक्त मकान में छापेमारी की, जहां से बिनीता तिर्की को गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान उसका सहयोगी बताए जा रहे अब्दुल शकील को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर रांची जिले के बुंडू निवासी ‘धोनी’ नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि उक्त व्यक्ति से उन्हें गांजा उपलब्ध होता था और इसके बाद वे आजादनगर तथा मानगो थाना क्षेत्र में इसकी आपूर्ति करते थे। हालांकि, पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है और संबंधित अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए गांजा की आपूर्ति के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
छापेमारी दल में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, महिला पुलिस अवर निरीक्षक कविता, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार राय, दीपक कुमार ठाकुर, पवन कुमार, जफर अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



