कोल्हान आयुक्त ने DEO स्तर पर दस्तावेज सत्यापन कार्य का लिया जायजा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कोल्हान आयुक्त ने DEO स्तर पर दस्तावेज सत्यापन कार्य का लिया जायजा

जमशेदपुर, 11 सितंबर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत चल रही दावा-आपत्ति एवं दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया की कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने शुक्रवार को समीक्षा की। उन्होंने जमशेदपुर समाहरणालय पहुंचकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर किए जा रहे दस्तावेज सत्यापन कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने आयुक्त को DEO स्तर पर प्राप्त प्रकरणों, संलग्न दस्तावेजों के सत्यापन और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। आयुक्त ने सत्यापन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया।

आयुक्त ने कहा कि SIR-2026 के तहत प्राप्त दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। उन्होंने तथ्यों एवं दस्तावेजों की समुचित जांच के साथ पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आवश्यकता के अनुसार संबंधित मतदाताओं को प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

निरीक्षण के दौरान ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Share This Article