भाजपा युवा मोर्चा नेता आकाश महतो बरी – रंगदारी, छिनतई और मारपीट के आरोपों से न्यायालय ने किया मुक्त, फैसले के बाद बोले- सत्य की जीत हुई

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भाजपा युवा मोर्चा नेता आकाश महतो बरी – रंगदारी, छिनतई और मारपीट के आरोपों से न्यायालय ने किया मुक्त, फैसले के बाद बोले- सत्य की जीत हुई

चांडिल, 08 सितंबर : वर्ष 2023 से न्यायालय में विचाराधीन चर्चित मामले में भाजपा युवा मोर्चा के नेता आकाश महतो को बड़ी राहत मिली है। न्यायालय ने मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में चांडिल थाना क्षेत्र के घोड़ानेगी में अवैध रूप से पशुओं को ले जा रहे तीन पिकअप वैन को आकाश महतो ने पकड़ा था। इसके बाद उन्होंने तीनों वाहनों को चांडिल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। घटना के दो दिन बाद एक व्यक्ति ने आकाश महतो के खिलाफ रंगदारी, छिनतई, मारपीट समेत विभिन्न आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा और पिछले कई वर्षों से इसकी सुनवाई चल रही थी।

मामले में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत साक्ष्यों एवं तथ्यों पर सुनवाई के बाद आकाश महतो को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया। न्यायालय के इस फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।

फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए आकाश महतो ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास था। उन्होंने कहा, “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित कभी नहीं हो सकता। आज न्यायालय के निर्णय से सत्य की जीत हुई है।” उन्होंने न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने क्षेत्र के सभी शुभचिंतकों, समर्थकों और शुभेच्छुओं का भी धन्यवाद किया।

आकाश महतो ने कहा कि लोगों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से उन्हें हमेशा संबल मिलता रहा है। उन्होंने आगे भी समाजहित और जनसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ जुटे रहने की बात कही।

Share This Article