1990 छात्राओं को मिले प्रमाणपत्र, 54 मेधावी छात्राओं को स्वर्ण पदक से किया गया सम्मानित
जमशेदपुर, 08 सितंबर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह मंगलवार को एक्सएलआरआई सभागार में उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 1990 छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 54 मेधावी छात्राओं को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरे पर उपलब्धि की खुशी साफ झलक रही थी।
राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष गंगवार ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सभी छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान एक्सएलआरआई सभागार में छात्राओं और उनके परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। डिग्री और स्वर्ण पदक हासिल करने वाली छात्राओं के लिए यह दिन उनकी शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। समारोह ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ भविष्य में समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए भी प्रेरित किया।



