चांडिल डैम विस्थापितों की संवाद यात्रा शुरू, श्यामल मार्डी बोले- इस बार लड़ाई आर-पार की

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल डैम विस्थापितों की संवाद यात्रा शुरू, श्यामल मार्डी बोले- इस बार लड़ाई आर-पार की

ईचागढ़, 07 सितंबर : चांडिल डैम विस्थापित समन्वय मंच की पूर्व घोषित संवाद यात्रा सोमवार को ईचागढ़ प्रखंड के जारगोडीह गांव से शुरू हुई। यात्रा के दौरान मंच के सदस्यों ने विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभाएं कर विस्थापितों की समस्याओं, अधिकारों और आंदोलन की आगामी रणनीति को लेकर ग्रामीणों से संवाद किया।

जारगोडीह में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए श्यामल मार्डी ने कहा कि इस बार सभी विस्थापित संगठन एकजुट होकर ग्रामीणों के बीच आए हैं। उन्होंने कहा, “अबकी बार की लड़ाई आर-पार की है। विस्थापितों के अधिकार और उनके हक की लड़ाई को मजबूती के साथ लड़ा जाएगा।”

उन्होंने ग्रामीणों से आंदोलन में एकजुटता के साथ शामिल होने का आह्वान किया। संवाद यात्रा के माध्यम से विस्थापित परिवारों से उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं की जानकारी भी ली गई।

जारगोडीह के बाद संवाद यात्रा बामूनडीह, पोईलौंग, चोगा, आदारडीह और सोड़ो गांव पहुंची। विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभाओं के जरिए ग्रामीणों को विस्थापन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होने का संदेश दिया गया।

यात्रा में अजित किस्कु, अम्बिका यादव, हेमंत गोप, हरेकृष्ण महतो, अकलु धीवर, आशीष राम धीवर, मनहर महतो, धर्मेंद्र महतो, डॉ. गुरुचरण महतो, सिमंत महतो समेत अन्य लोग शामिल थे। मंच की ओर से बताया गया कि संवाद यात्रा के जरिए चांडिल डैम से प्रभावित गांवों में पहुंचकर विस्थापितों को आंदोलन की आगामी रूपरेखा से अवगत कराया जाएगा।

Share This Article