जमशेदपुर : आमबागान में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान हंगामा, तेज रफ्तार बाइक सवार गिरा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुलिसकर्मियों से मारपीट का भी आरोप, बाइक जब्त कर थाने ले गई पुलिस

जमशेदपुर, 06 सितंबर : साकची के आमबागान इलाके में रविवार को ट्रैफिक चेकिंग के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी। पुलिस को चेकिंग करते देख बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

बताया जाता है कि बाइक से गिरने के बाद युवक ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना में बाइक सवार युवक के घायल होने की सूचना है। वहीं, पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हालांकि, घटना को लेकर पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Share This Article