सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर बना हादसे की वजह, पीछे से बाइक टकराई – एक व्यक्ति गंभीर
चांडिल, 04 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत चौका – कांड्रा सड़क पर रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की मौजूदगी एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। गुरुवार की रात नूतनडीह के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में पीछे से बाइक जा टकराई। दुर्घटना में बाइक सवार कुरली – पहाड़धार निवासी लाल महतो गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जाता है कि लाल महतो बाइक से चौका-कांड्रा मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान नूतनडीह के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता दिलीप महतो मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस के जरिए चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
लाल महतो खुंचीडीह स्थित जीएमटी कंपनी में काम करता है। घटना के बाद चौका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर खड़े वाहन या हादसे का इंतजार?
इस दुर्घटना ने चौका – कांड्रा सड़क पर सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े भारी वाहनों को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय सड़क किनारे खड़े ट्रेलर और अन्य बड़े वाहनों के कारण कई बार सामने से आने वाले वाहनों को पर्याप्त जगह नहीं मिलती। अंधेरे में ऐसे वाहन दूर से स्पष्ट नजर नहीं आने पर दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
भाजपा नेता दिलीप महतो ने कहा कि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े बड़े वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन से सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।



