शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ दिसंबर में होगा AIDSO का 8वां झारखंड राज्य छात्र सम्मेलन
रांची, 25 अगस्त : प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था और परीक्षाओं में कथित धांधली व भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्र आंदोलन को तेज करने के उद्देश्य से ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) का 8वां झारखंड राज्य छात्र सम्मेलन आगामी 19 और 20 दिसंबर को रांची में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर AIDSO झारखंड प्रदेश काउंसिल की बैठक केंद्रीय काउंसिल के अध्यक्ष सौरभ घोष की उपस्थिति में हुई।
बैठक में झारखंड के सरकारी स्कूलों को बंद करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने, रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति करने, जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक शिक्षा को प्रभावित करने वाली राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को रद्द करने समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। संगठन ने देश और झारखंड में विभिन्न परीक्षाओं में होने वाली कथित धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आवाज बुलंद करने की बात कही।
संगठन के प्रदेश सचिव सोहन महतो ने कहा कि छात्र आंदोलन के दबाव में सरकार ने जो निर्णय लिया है, वह मामला अब न्यायालय में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट और रांची हाईकोर्ट पूरे मामले में संवेदनशील रुख अपनाएंगे।
उन्होंने कहा कि ईमानदारी और मेहनत से परीक्षा पास कर नौकरी हासिल करने वाले विद्यार्थियों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। किसी भी निर्दोष की नौकरी नहीं जानी चाहिए। सरकार को जल्द जांच पूरी कर ईमानदारी से परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को चिन्हित कर उनकी नौकरी सुरक्षित रखनी चाहिए।
संगठन ने मांग की कि भ्रष्टाचार और कदाचार के जरिए नौकरी हासिल करने वालों को बर्खास्त करने के साथ उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जाए। रिक्त पदों पर नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर वर्षों से तैयारी कर रहे युवाओं को अवसर दिया जाए।
बैठक में संगठन के प्रदेश के विभिन्न पदाधिकारी और नेतृत्वकारी सदस्य उपस्थित रहे।



