59 किलो गांजा के साथ छह आरोपी गिरफ्तार, 50 लाख रुपये बताई गई कीमत
जमशेदपुर, 24 अगस्त : जमशेदपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 59 किलो गांजा के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक पर देर रात चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान हुई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्लान-बी के तहत रात दो बजे से चार बजे तक लिट्टी चौक पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 2.25 बजे एग्रिको गोलचक्कर की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस की चेकिंग देखकर बाइक सवारों ने चेकिंग स्थल से पहले ही बाइक घुमाकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उसी दिशा में एक सफेद बोलेरो भी भागती दिखाई दी।
पुलिस टीम ने दोनों ओर से घेराबंदी कर बोलेरो और मोटरसाइकिल सवारों को रोक लिया। भागने की कोशिश कर रहे छह लोगों को सशस्त्र बल के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बोलेरो में गांजा रखा था, जिसे ओडिशा से लाकर जमशेदपुर के खुदरा कारोबारियों को सप्लाई किया जाता था।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में बोलेरो की तलाशी लेने पर करीब 59 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के अलावा एक बोलेरो, एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल, तीन हजार रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार राव उर्फ अप्पा, मोतीलाल तांती उर्फ सूरज, गणेश निषाद, संतोष कुमार, लालचंद दास और राकेश प्रधान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजू कुमार राव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ चोरी, मारपीट और उत्पाद अधिनियम समेत विभिन्न मामले दर्ज रहे हैं।
इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ओडिशा से गांजा लाकर जमशेदपुर में किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाता था और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।



