आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अव्यवस्था, सड़क पर कचरे का अंबार और गंदा पानी बना परेशानी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अव्यवस्था, सड़क पर कचरे का अंबार और गंदा पानी बना परेशानी

आदित्यपुर, 20 अगस्त : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में इन दिनों अव्यवस्था का आलम है। मोहित उद्योग के सामने मुख्य सड़क पर कचरे का अंबार लगा हुआ है, वहीं नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र की नालियों की कई महीनों से नियमित सफाई नहीं हुई है। नालियों में कचरा और गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित है। इसके चलते गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। स्थिति इतनी खराब है कि पैदल राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कामगार विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में काम करने पहुंचते हैं। वहीं दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही भी लगी रहती है। ऐसे में सड़क पर फैला कचरा, गंदा पानी और गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

बारिश में बढ़ जाती है परेशानी

बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर गिरने का खतरा बना रहता है। वहीं जमा गंदगी और गंदे पानी से निकलने वाली दुर्गंध के कारण आसपास की औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी परेशानी होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और नाली की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार संबंधित प्रबंधन के साथ जियाडा के अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल नाली की सफाई, कचरे का उठाव और सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

Share This Article