स्कूल बस के खलासी की संदिग्ध मौत, अस्पताल परिसर में पसरा मातम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

स्कूल बस के खलासी की संदिग्ध मौत, अस्पताल परिसर में पसरा मातम

चांडिल, 20 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल गोलचक्कर के समीप गुरुवार को स्कूल बस के खलासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मृतक के परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने से मातम का माहौल छा गया।

बताया जा रहा है कि स्कूली बच्चों से भरी बस हुमीद के उमेश नगर स्थित दयावती मोदी पब्लिक स्कूल जा रही थी। इसी दौरान चांडिल गोलचक्कर के समीप बस का खलासी अचानक गिर गया और बस के चक्के की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान चौका थाना क्षेत्र के रुगड़ी गांव निवासी प्रल्हाद महतो के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कुछ समय के लिए पूरे अस्पताल परिसर में मातम छा गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article