25 दिन चले छात्र आंदोलन की जीत पर AIDSO ने दी बधाई, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की लड़ाई जारी रखने का आह्वान

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

AIDSO ने कहा- परीक्षाओं की अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का संघर्ष बना ऐतिहासिक मिसाल

जमशेदपुर, 19 अगस्त : रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 25 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन की जीत पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) झारखंड राज्य कमेटी ने छात्रों को बधाई दी है। संगठन के राज्य सचिव सोहन महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे झारखंड के छात्र आंदोलन के इतिहास की ऐतिहासिक जीत बताया।

सोहन महतो ने कहा कि छात्रों के लगातार संघर्ष के परिणामस्वरूप 14वीं जेपीएससी पीटी, जेएसएससी सीजीएल और टीडीपीएल कंपनी द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द किया गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के बाद पिछले 26 वर्षों में आयोजित जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं। ऐसे में छात्रों का यह आंदोलन परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों और युवाओं की आवाज लगातार मजबूत हुई है। अब छात्र-युवा यह समझ रहे हैं कि केवल सरकार बदलने से व्यवस्था की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि व्यवस्था में व्यापक बदलाव के लिए संघर्ष करना होगा। इसी सोच के साथ झारखंड में भी जेपीएससी और जेएसएससी में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन मजबूत हुआ।

AIDSO राज्य सचिव ने कहा कि आंदोलन के शुरुआती दौर से ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में प्रचार-प्रसार कर छात्रों को आंदोलन से जोड़ने और इसे मजबूत करने का प्रयास किया। उन्होंने आंदोलन की सफलता के लिए संघर्षरत सभी छात्रों को क्रांतिकारी बधाई दी।

सार्वजनिक शिक्षा बचाने के लिए आंदोलन तेज करने की अपील

AIDSO ने छात्र-नौजवानों से शिक्षकों की कमी, शैक्षणिक सत्र में अनियमितता, फीस वृद्धि, शिक्षा के निजीकरण एवं व्यापारीकरण तथा नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 समेत विभिन्न मुद्दों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

संगठन ने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को बचाने के लिए छात्रों और युवाओं को संगठित होकर आंदोलन को आगे बढ़ाना होगा। AIDSO झारखंड राज्य कमेटी ने छात्रों से इस संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।

Share This Article