ग्रामीणों की मांग पर दो दिन और बढ़ा मुआवजा शिविर, विधायक सविता महतो ने अधिकारियों को दिए त्वरित भुगतान के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ग्रामीणों की मांग पर दो दिन और बढ़ा मुआवजा शिविर, विधायक सविता महतो ने अधिकारियों को दिए त्वरित भुगतान के निर्देश

ईचागढ़, 18 अगस्त : ईचागढ़ प्रखंड के लेपाटांड़ पंचायत भवन में सड़क चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान को लेकर लगाए गए शिविर में सोमवार को विधायक सविता महतो पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित रैयतों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

पातकुम (MDR-156) से पातकुम नहर तथा डुल्सीडीह से लाबा तक सड़क के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए लेपाटांड़, पाटपुर और किस्टोपुर मौजा की भूमि का अधिग्रहण किया गया है। प्रभावित भू-स्वामियों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने के उद्देश्य से 13, 14 और 17 अगस्त को शिविर निर्धारित किया गया था। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए इसकी अवधि बढ़ाकर 18 और 19 अगस्त कर दी गई है।

शिविर में विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए प्रभावित रैयतों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया के दौरान किसी भी रैयत को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

विधायक ने लेपाटांड़ क्षेत्र के मुंडारी खूंटकट्टी क्षेत्र में आने का उल्लेख करते हुए खूंटकट्टीदारों और मानकी के सहयोग से भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता ने भू-स्वामियों से आवश्यक दस्तावेज जल्द जमा करने का आग्रह किया, ताकि मुआवजा भुगतान में अनावश्यक विलंब न हो।

मौके पर अंचलाधिकारी दीपक प्रकाश, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, मुंडारी खूंटकट्टीदार सह ग्राम प्रधान मधूमती सिंह मानकी, भू-अर्जन विभाग के अरूप कुमार मोदक व पशुपति बागची, युवा प्रखंड अध्यक्ष स्वपन आदित्यदेव समेत सड़क निर्माण से जुड़े कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article