दादी की हत्या कर भागा पोता, 36 घंटे में पुलिस ने दबोचा – बहरागोड़ा के पैतृक गांव से विकी गोस्वामी गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह, 11 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रावताड़ा गांव के शिवपुरी कॉलोनी (चांडिल स्टेशन बस्ती) में 67 वर्षीय सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी सुप्रीति मजूमदार की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतका के पोते विकी गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित उसके पैतृक गांव कुमारदाह से सोमवार देर रात दबोचा।

जानकारी के अनुसार, रविवार 9 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे सुप्रीति मजूमदार अपने घर में गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान अवस्था में मिली थीं। चीख-पुकार सुनकर उनकी बहू छत से नीचे आई तो घर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गई। आनन-फानन में घायल सुप्रीति को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया था कि मृतका के पोते विकी गोस्वामी ने ही उन पर हमला किया था। हालांकि, प्रारंभिक पूछताछ के दौरान परिवार के सदस्यों के बार-बार बयान बदलने से पुलिस के सामने जांच की चुनौती खड़ी हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने सभी परिजनों से अलग-अलग पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।

जांच के दौरान प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस ने तकनीकी सहायता से आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया। घटना के बाद विकी गोस्वामी फरार होकर बहरागोड़ा के कुमारदाह स्थित अपने पैतृक गांव चला गया था। सोमवार रात नीमडीह पुलिस ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी को मंगलवार को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश कर रही है। मामले में हत्या के कारणों और घटना के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Share This Article