DRUCC बैठक में चांडिल-नीमडीह की रेल समस्याएं गूंजी, कई ट्रेनों के ठहराव और ओवरब्रिज की उठी मांग
चांडिल, 06 अगस्त : आद्रा रेल मंडल की जिला रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक में चांडिल एवं नीमडीह क्षेत्र से जुड़ी रेल सुविधाओं और आधारभूत संरचना के कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। बैठक में डीआरयूसीसी सदस्य दिवाकर सिंह ने क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा।
उन्होंने 68059/68060 आसनसोल–बराभूम पैसेंजर का चांडिल तक विस्तार करने की मांग की। इसके अलावा 28182/28181 कटिहार–टाटा एक्सप्रेस, 12875/12876 नीलांचल एक्सप्रेस, 18103/18104 जालियांवाला बाग एक्सप्रेस, 12375/12376 जसीडीह–तांबरम एक्सप्रेस, 18009/18010 संतरागाछी–अजमेर एक्सप्रेस, 22843/22844 पटना–बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा शनिवार को चक्रधरपुर से चांडिल होकर गुजरने वाली 20817/20818 भुवनेश्वर–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के चांडिल स्टेशन पर ठहराव की मांग भी रखी गई।
बैठक में नीमडीह रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे फाटक संख्या JC-50 पर ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर रेल अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार के साथ संयुक्त सर्वे पूरा हो चुका है और राज्य सरकार से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) प्राप्त होते ही रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
इसके अलावा पितकी और जामडीह में अंडरपास निर्माण का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि बारिश समाप्त होने के बाद निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता आद्रा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मुकेश गुप्ता ने की। बैठक में एडीआरएम (इन्फ्रा) अमित कंचन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास कुमार, वरिष्ठ डीएन (कोऑर्डिनेशन) रमेश सिंह, सोमनाथ घोष सहित आद्रा मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी डीआरयूसीसी सदस्य उपस्थित रहे।