पूर्वी सिंहभूम में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पूर्वी सिंहभूम में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका

जिले में कुल 15.11 लाख मतदाता, मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 2183 हुई

जमशेदपुर, 05 अगस्त : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के तहत बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जो 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगी।

समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि जिले में प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार कुल 15,11,805 मतदाता शामिल हैं। इनमें 7,52,533 पुरुष, 7,59,206 महिला तथा 66 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। जिले में 13,441 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं। साथ ही मतदान केंद्रों की संख्या 1,922 से बढ़ाकर 2,183 कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले के कुल 19,07,244 मतदाताओं में से 5,57,321 का स्वयं, 7,53,556 का माता-पिता अथवा वंशज के माध्यम से सत्यापन किया गया। वहीं 2,00,928 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो सका। इसके अलावा 3,95,439 मतदाताओं का सत्यापन विभिन्न कारणों से नहीं हो पाया, जिनमें मृत, अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पात्र नागरिक निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन या स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा भी प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

मतदाताओं की सुविधा के लिए 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आवेदन प्राप्त करेंगे। वहीं 25 अगस्त से 4 सितंबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर होम-टू-रोल सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। 15 अगस्त को पंचायत भवनों एवं शहरी वार्डों में ग्राम सभाओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दावा एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने और यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे।

Share This Article