कपाली के वार्ड 16 में संध्या चौपाल, चार रंगों के डस्टबिन से कचरा पृथक्करण का दिया गया संदेश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली के वार्ड 16 में संध्या चौपाल, चार रंगों के डस्टबिन से कचरा पृथक्करण का दिया गया संदेश

चांडिल, 05 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 16 स्थित सामुदायिक भवन में बुधवार को वार्ड पार्षद पूजा महतो की उपस्थिति में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में कपाली नगर परिषद के प्रशिक्षक दीपक कुमार महतो ने वर्ष 2026 से लागू नए कचरा प्रबंधन नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक घर को चार रंगों के डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे। हरा, नीला, लाल और काला रंग के डस्टबिन अलग-अलग प्रकार के कचरे के लिए निर्धारित हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक और अन्य कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही अलग-अलग रखें, ताकि उसका उचित निस्तारण और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) संभव हो सके।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के कचरे या वेस्ट मटेरियल को खुले में जलाना या इधर-उधर फेंकना पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे कार्यों से वायु प्रदूषण बढ़ता है और विभिन्न बीमारियों का खतरा भी उत्पन्न होता है।

दीपक महतो ने वार्डवासियों से नगर परिषद की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि जब कचरा संग्रहण वाहन घर के सामने पहुंचे, तो कचरा उसी वाहन में दें। इससे कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और पुनर्चक्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वार्डवासियों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने तथा नगर परिषद के कचरा प्रबंधन नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

Share This Article