जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रारंभ

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

04 से 07 अगस्त तक समाहरणालय सभागार में चार्ज पदाधिकारियों एवं क्षेत्र कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

सरायकेला, 04 अगस्त : जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) से संबंधित कार्यों के सफल क्रियान्वयन हेतु सरायकेला खरसावां जिला में चार्ज पदाधिकारियों एवं क्षेत्र कर्मियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को अपर उपायुक्त सह जिला जनगणना पदाधिकारी जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 04 अगस्त से 07 अगस्त, 2026 तक चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा।

जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपादित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण में चार्ज पदाधिकारियों एवं क्षेत्र कर्मियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB), निर्धारित प्रपत्रों के संधारण, कार्यप्रणाली, क्षेत्रीय दायित्वों एवं अन्य प्रक्रियात्मक एवं तकनीकी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस सरायकेला, कुचाई एवं शहरी क्षेत्र से संबंधित चार्ज पदाधिकारियों एवं क्षेत्र कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान सरायकेला प्रखंड के 174 ग्रामों के लिए 35 क्षेत्र कर्मियों, कुचाई प्रखंड के 100 ग्रामों के लिए 20 क्षेत्र कर्मियों तथा शहरी क्षेत्र के 03 वार्डों के लिए 03 क्षेत्र कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रकार प्रथम दिवस कुल 58 क्षेत्र कर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित सभी चार्ज पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित रही।

प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) के संधारण, प्रपत्रों के सही संधारण, अभिलेखों के रख-रखाव, क्षेत्रीय कार्यों के निष्पादन तथा जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षक राम भास्कर द्विवेदी, ADCO एवं अर्जुन राम, SIG-II द्वारा दिया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 05 अगस्त को ईचागढ़, चांडिल एवं कुकड़ू, 06 अगस्त को खरसावाँ एवं गम्हरिया तथा 07 अगस्त को राजनगर एवं नीमडीह प्रखंड के चार्ज पदाधिकारियों एवं क्षेत्र कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

अपर उपायुक्त सह जिला जनगणना पदाधिकारी जयवर्धन कुमार ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ क्षेत्र कर्मियों की प्रशिक्षण कार्यक्रम में शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना 2027 के प्रथम चरण से संबंधित समस्त कार्य भारत सरकार एवं जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, त्रुटिरहित एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपादित किए जा सकें।

Share This Article