तिरुलडीह गैस सिलेंडर चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार : 64 सिलेंडर समेत वाहन बरामद

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

तिरुलडीह गैस सिलेंडर चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार : 64 सिलेंडर समेत वाहन बरामद

चांडिल, 04 अगस्त : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने तिरुलडीह थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी के चर्चित मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 64 गैस सिलेंडर, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस वार्ता कर उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिरुलडीह थाना में 27 जुलाई को मामला दर्ज किया गया था।

यह शिकायत सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक की संचालिका संध्या देवी द्वारा दर्ज कराया गया था। उन्होंने बताया था कि तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सपादा स्थित गैस गोदाम से अज्ञात चोर 56 गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ चांडिल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के बाद पुलिस ने सदाब आलम उर्फ बटर, बाबु गोराई और मनीष कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मानगो थाना क्षेत्र के टैंक रोड और दाईगुट्ट इलाके में छापेमारी कर चोरी के गैस सिलेंडर बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (JH05BN-7028) और सिलेंडरों के परिवहन में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन (JH05DW-4807) को भी जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में जुगसलाई निवासी सदाब आलम उर्फ बटर (26), सोनारी निवासी बाबु गोराई (29) तथा मानगो निवासी मनीष कुमार श्रीवास्तव (35) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 64 गैस सिलेंडर, एक पिकअप वाहन, एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक वीवो एंड्रॉयड स्मार्टफोन और एक जियो भारत कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इस अभियान में तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार,, कार्तिकेय सिंह, हरदेव पासवान, बिरोलाल मुर्मू सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article