असंगी चेक डैम में डूबा एनआईटी छात्र, दूसरे दिन भी एनडीआरएफ का सर्च अभियान जारी – छात्रों ने किया प्रदर्शन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर, 03 अगस्त : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के मेटालर्जी विभाग के चौथे वर्ष के छात्र मीर हसन तनवीर के आसंगी चेक डैम में डूबने के बाद सोमवार को भी उनकी तलाश जारी रही। सूचना मिलने पर एनडीआरएफ की टीम ने सोमवार सुबह से सर्च अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को मीर हसन तनवीर अपने साथियों के साथ आसंगी चेक डैम में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।

घटना से आक्रोशित एनआईटी के छात्रों ने रविवार को कॉलेज प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने, सर्च अभियान में तेजी लाने तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

छात्रों का आरोप है कि पिछले छह महीनों के दौरान आसंगी चेक डैम में यह तीसरी-चौथी बड़ी डूबने की घटना है। इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से अब तक बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड अथवा लाइफ गार्ड जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि गर्मी और छुट्टियों के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवक यहां नहाने आते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।

Share This Article