तिरुलडीह-बकारकुड़ी स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत, जांच में जुटी पुलिस
कुकडू, 01 अगस्त : सरायकेला खरसावां जिले के अंतर्गत तिरुलडीह थाना क्षेत्र में रांची डिवीजन के तिरुलडीह और बाकारकुड़ी रेल लाइन के बीच 50 वर्षीय ग्रामीण का शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि चानो गांव के समीप रेल लाइन पर व्यक्ति का क्षत विक्षत शव पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान चानो गांव निवासी मंगल सिंह मुंडा के रूप में हुई हैं। बताया जा रहा है कि ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हुई हैं।
घटना की सूचना पर तिरुलडीह थाना पुलिस तथा रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगल सिंह मुंडा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।