4 अगस्त को चाईबासा बाईपास चौक पर होगा गुरुजी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, तैयारियां अंतिम चरण में

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

4 अगस्त को चाईबासा बाईपास चौक पर होगा गुरुजी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, तैयारियां अंतिम चरण में

सरायकेला, 30 जुलाई : झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु पद्मश्री स्वर्गीय शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 4 अगस्त को राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित चाईबासा बाईपास चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्रतिमा स्थल पर साफ-सफाई, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था, आकर्षक सजावट तथा आगंतुकों के स्वागत की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार बैठकें कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में झारखंड आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान झारखंड आंदोलन में गुरुजी के संघर्ष, अलग झारखंड राज्य के गठन में उनके योगदान तथा सामाजिक-राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डाला जाएगा। प्रतिमा अनावरण के बाद श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा, जिसमें वक्ता गुरुजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

समिति ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर झारखंड आंदोलन के इस प्रमुख नायक को श्रद्धांजलि देने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Share This Article