गुड़ाबांदा में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 289 लोगों को मिला लर्नर लाइसेंस सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन का दिया गया संदेश
जमशेदपुर, 06 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड में गुरुवार को विशेष ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 341 लोगों ने आवेदन किया, जिनमें से 289 आवेदकों को ड्राइविंग टेस्ट में सफल होने के बाद लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों अथवा अन्य निर्धारित मानकों की कमी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
राज्य सरकार के निर्देश एवं उपायुक्त राजीव रंजन के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों और ग्राम पंचायतों में 2 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत गुड़ाबांदा में आयोजित शिविर का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार ने किया।
ड्राइविंग टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी डांगुर कोरह तथा मोटरयान निरीक्षक सूरज हेम्ब्रम ने लर्नर लाइसेंस प्रदान किया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट एवं बुकलेट वितरित कर हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदारी के साथ सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया।
जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और अधिक से अधिक लोगों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान जिलेभर में लगातार चलाया जा रहा है। शिविर के सफल संचालन में जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों एवं सड़क सुरक्षा टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।