पटमदा प्रखंड का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पटमदा, 23 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को पटमदा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विकास योजनाओं एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उनके साथ उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेंद्र पासवान तथा अपर उपायुक्त (एडीसी) अनुराग तिवारी भी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व मामलों, नामांतरण (म्यूटेशन), भूमि ऑनलाइन, दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा के क्रम में उन्होंने पाया कि म्यूटेशन के तीन मामले 90 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन, कार्यालयों में बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पटमदा का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, छात्रावास व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पटमदा का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं, मरीजों के उपचार एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आम नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से मिले। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, प्रमुख बालिका सोरेन सहित प्रखंड, अंचल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पुलिस विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article