सुबह 4 बजे आम यात्री बनकर निकले थे रेल एसपी, किसानों की पीड़ा समझकर बदली व्यवस्था – अब जमशेदपुर एसएसपी के रूप में फिर जगी उम्मीद

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सुबह 4 बजे आम यात्री बनकर निकले थे रेल एसपी, किसानों की पीड़ा समझकर बदली व्यवस्था – अब जमशेदपुर एसएसपी के रूप में फिर जगी उम्मीद

जमशेदपुर, 05 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम के नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारीब की कार्यशैली को लेकर जिले में नई उम्मीदें जताई जा रही हैं। उनकी संवेदनशील और जमीनी कार्यशैली की एक मिसाल जून 2020 की वह घटना है, जब वे जमशेदपुर में रेल एसपी के पद पर कार्यरत थे।

उस समय उन्हें सूचना मिली थी कि सुईसा, तिरुलडीह और आसपास के गांवों से प्रतिदिन लोकल ट्रेन के माध्यम से टाटानगर सब्जियां बेचने आने वाले किसानों को रास्ते में रेल पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। शिकायत की सच्चाई जानने के लिए उन्होंने केवल रिपोर्टों और फाइलों पर भरोसा नहीं किया, बल्कि खुद मैदान में उतरने का फैसला किया।

बताया जाता है कि डॉ. वकारीब बिना किसी पूर्व सूचना के सुबह करीब चार बजे घर से सड़क मार्ग से चांडिल पहुंचे। वहां से उन्होंने आम यात्रियों की तरह लोकल ट्रेन में सफर किया और तिरुलडीह होते हुए सुईसा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वयं यात्रियों और किसानों की परेशानियों को देखा और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उनके इस औचक निरीक्षण से रांची से लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल तक प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई।

इस पहल का सबसे अधिक लाभ उन गरीब किसानों को मिला, जो रोज़ अपनी सब्जियां बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। निरीक्षण के बाद व्यवस्था में सुधार हुआ और किसानों को बेवजह होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिली।

डॉ. एहतेशाम वकारीब की इस कार्यशैली को आज भी लोग एक संवेदनशील और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी की पहचान के रूप में याद करते हैं। उनका मानना रहा है कि किसी भी अधिकारी की वास्तविक पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके निर्णयों, कार्यशैली और जनता के प्रति संवेदनशीलता से होती है।

अब जब उन्होंने पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरीय पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभाल लिया है, तो जिले के लोगों की उनसे अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं। आम नागरिकों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, पुलिस-जनता के बीच विश्वास बढ़ेगा तथा समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील और प्रभावी पहल देखने को मिलेगी।

Share This Article