चांडिल : मत्स्यजीवी व दुग्ध उत्पादक समितियों के साथ हुई संयुक्त बैठक, उत्कृष्ट समितियां सम्मानित
चांडिल, 02 जुलाई : सहकारिता सप्ताह के अवसर पर गुरुवार को चांडिल डैम स्थित शीश महल के योग भवन में मत्स्यजीवी एवं दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में सहकारिता को मजबूत बनाने, समितियों की भूमिका तथा उनकी कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत परिचर्चा की गई।
बैठक में जिला कोऑपरेटिव ऑफिसर जगमनी टोपनो, जिला सहायक निबंधक राजीव रंजन, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अनीश कुमार, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी बसंत कुमार राय तथा जिला मत्स्य प्रसार पदाधिकारी राजकुमार तुरी सहित चांडिल अनुमंडल क्षेत्र की विभिन्न मत्स्यजीवी एवं दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बेहतर कार्य करने वाली सहकारी समितियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सहकारिता आंदोलन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए समितियों से पारदर्शिता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चांडिल बांध स्वर्णरेखा विस्थापित मत्स्यजीवी सहकारी समिति के उत्कृष्ट प्रदर्शन की विशेष सराहना की गई। समिति के अध्यक्ष सरदीप नायक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस सम्मान को समिति के सदस्यों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।