आदित्यपुर, 02 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना पहुंचकर क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध, ड्रग्स कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है तथा किसी भी तरह की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। साथ ही पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा शुरू किए गए सकारात्मक कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रग्स एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। ड्रग्स तस्करी या उससे जुड़े किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि गैंगवार, संगठित अपराध, दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर मामलों के आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। जेल से रिहा होकर बाहर आए पुराने अपराधियों का भी सत्यापन कराया जाएगा। यदि वे दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि क्षेत्र में हथियारों के साथ घूमने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रतिदिन दो बार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सामान्य ट्रैफिक जांच नहीं होगी, बल्कि इसका उद्देश्य चाकू, रिवॉल्वर और अन्य घातक हथियार लेकर घूमने वाले अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अभियान के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
नवनियुक्त एसपी ने कहा कि जिले में कानून का राज कायम रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में कार्य करेगी।