बार-पब की 24 घंटे में जांच कर दें रिपोर्ट, अनियमितता पर होगी कार्रवाई : एडीजी मनोज कौशिक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बार-पब की 24 घंटे में जांच कर दें रिपोर्ट, अनियमितता पर होगी कार्रवाई : एडीजी मनोज कौशिक

जमशेदपुर, 02 जुलाई : जमशेदपुर स्थित पुलिस कार्यालय में बुधवार देर रात एडीजी मनोज कौशिक की अध्यक्षता में जमशेदपुर एसएसपी और सरायकेला-खरसावां जिले के नए एसपी के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों डीआईजी सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक में एडीजी मनोज कौशिक ने सभी पदाधिकारी को अपने-अपने थाना क्षेत्र में संचालित बार और पब की 24 घंटे के भीतर सघन जांच कर संबंधित एसडीओ को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में एडीजी ने कहा कि चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच होगी तथा उनके बैंक खातों में आए धन के स्रोत की पड़ताल कर अवैध लेन-देन की भी जांच की जाएगी।

एडीजी ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक या विधि-व्यवस्था संबंधी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम तत्काल उसकी मॉनिटरिंग करेगा, सूचना को विधिवत दर्ज कर संबंधित थाना को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

Share This Article