चांडिल स्टेशन पर दर्दनाक हादसा – ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे कर्मी की पत्नी की मौत, कॉलोनी में पसरा मातम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल स्टेशन पर दर्दनाक हादसा – ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे कर्मी की पत्नी की मौत, कॉलोनी में पसरा मातम

चांडिल, 2 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में रेलवे कर्मी की पत्नी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे कॉलोनी और स्टेशन परिसर में शोक का माहौल है।

मृतका की पहचान पम्मी तिवारी के रूप में हुई है। वह चांडिल रेलवे में कार्यरत कर्मचारी आनंद तिवारी की पत्नी थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पम्मी तिवारी बुधवार शाम करीब पांच बजे रेलवे लाइन के दूसरी ओर स्थित कॉलोनी में अपने परिचितों से मिलने गई थीं। देर रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वह वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि रेलवे कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Share This Article