हूल दिवस पर विधायक सविता महतो ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, सिंदूरपुर में सिदो-कान्हू की आदमकद प्रतिमा का किया अनावरण

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

हूल दिवस पर विधायक सविता महतो ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, सिंदूरपुर में सिदो-कान्हू की आदमकद प्रतिमा का किया अनावरण

चांडिल, 30 जून : हूल दिवस के अवसर पर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर वीर शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव तथा वीरांगना फूलो-झानो को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान उन्होंने झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चांडिल गोलचक्कर स्थित वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद चौका के टुईटुंगरी मोड़ स्थित वीरांगना फूलो-झानो की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।

विधायक सविता महतो ने नीमडीह प्रखंड के पांडकीडीह तथा कुकड़ू प्रखंड के सिंदूरपुर और हाईतिरुल गांव पहुंचकर भी वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सिंदूरपुर में उन्होंने वीर शहीद सिदो-कान्हू की आदमकद प्रतिमा का विधिवत अनावरण भी किया।

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि हूल विद्रोह भारत के स्वतंत्रता संग्राम का गौरवशाली अध्याय है। 30 जून 1855 को जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा शोषण और अत्याचार के विरुद्ध अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो सहित हजारों वीरों ने जिस संघर्ष का बिगुल फूंका, वह आज भी अन्याय के विरुद्ध लड़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा और उनके सपनों का झारखंड बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने हूल जोहार अर्पित करते हुए कहा कि झारखंड के वीर सपूतों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को न्याय, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, डीएसपी शिव प्रकाश कुमार, बीडीओ तालेश्वर रविदास, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, सचिन गोप, कित्तीवास महतो, अरुण टुडू, धर्मु गोप, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईयां, अजीत सिंह मुंडा, श्रीकांत महतो, नव किशोर हांसदा सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

Share This Article