चांडिल में एआईडीएसओ व एआईडीवाईओ ने हूल दिवस पर शहीद सिदो-कान्हू को दी श्रद्धांजलि
चांडिल, 30 जून : ऐतिहासिक हूल दिवस के अवसर पर छात्र संगठन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (एआईडीएसओ) एवं युवा संगठन एआईडीवाईओ की ओर से मंगलवार को चांडिल गोलचक्कर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हूल क्रांति के अमर सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एआईडीएसओ के जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो ने कहा कि 30 जून 1855 को सिदो-कान्हू के नेतृत्व में जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए ब्रिटिश शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ शुरू हुआ हूल आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज शिक्षा, रोजगार और बुनियादी अधिकारों जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में हूल क्रांति के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शोषण और अन्याय के खिलाफ संगठित संघर्ष को आगे बढ़ाना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
एआईडीवाईओ के राज्य अध्यक्ष हाराधन महतो ने भी हूल क्रांति के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एआईडीएसओ के उपाध्यक्ष प्रभात कुमार महतो, जिला सचिव युधिष्ठिर प्रामाणिक, कोषाध्यक्ष राजा प्रामाणिक, संयुक्त सचिव खुशी पोद्दार एवं सीमा हांसदा सहित पूजा प्रामाणिक, पियाली, किसान, पूर्णिमा परम तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।