बिजली समस्या से त्रस्त हैं कपाली नगर परिषद क्षेत्र के उपभोक्ता, जताई नाराजगी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बिजली समस्या से त्रस्त हैं कपाली नगर परिषद क्षेत्र के उपभोक्ता, जताई नाराजगी

चांडिल, 22 मई :सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 16 के बिजली उपभोक्ता इन दिनों बिजली की समस्याओं से परेशान हैं। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप रहने पर उपभोक्ताओं को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली ठप पड़ने पर नियमित काम पर जाने वाले लोगों के अलावा विद्यार्थियों, गृहणियों और बिजली से संबंधित दुकानदारों को खासा परेशानी होता है।

उपभोक्ताओं ने कहा कि विभाग के लोग नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर गलत पाए जाने पर जुर्माना वसूलते हैं, लेकिन उपभोक्ताओं को नियमित अबाध रूप से बिजली की आपूर्ति हो इसके लिए ठोस पहल नहीं करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है और 100 केवी ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड पड़ने के कारण बार-बार ट्रांसफार्मर खराब हो रहा है।

ताजा मामला वार्ड संख्या 16 के डांगरडीह स्थित मजार के पास का है। यहां लगा 100 केवी का ट्रांसफार्मर 19 मई को अचानक खराब हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर बिजली विभाग ने 20 मई की रात करीब 9 बजे नया ट्रांसफार्मर लगाया। अगले दिन दोपहर करीब 3 बजे ट्रांसफार्मर चालू करते ही उसका एचटी कटआउट खराब हो गया। इसके बाद विभाग के मिस्त्री मौके पर पहुंचकर उसे ठीक कर वापस चले गए।

इसी दिन कुछ ही समय बाद यहां लगाया गया 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर फिर से जल गया। बार-बार ट्रासंफार्मर के खराब होने से लोगों का बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि क्षेत्र की समस्या को देखते हुए अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बार-बार बिजली बाधित न हो और उपभोक्ताआें को अनावश्यक परेशानी नहीं झेलनी पड़े।

Share This Article