ट्रक ने रिवर्स लेते समय बाइक को कुचला, युवक ने कूदकर बचाई जान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 30 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रावताड़ा के समीप नए बाइपास मार्ग (चांडिल – पुरुलिया मार्ग) पर सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। गलत दिशा में जा रहे एक ट्रक के चालक द्वारा अचानक वाहन रिवर्स किए जाने से पीछे खड़ी बाइक उसकी चपेट में आ गई। हालांकि बाइक सवार युवक ने समय रहते बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चांडिल–पुरुलिया नए राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोड़ानेगी से नीमडीह की ओर जा रहा ट्रक रावताड़ा ओवरब्रिज के पास दाहिनी लेन में गलत दिशा से चल रहा था। इसी दौरान सामने से वाहन आने लगे, जिनके चालकों ने ट्रक चालक को सही लेन में जाने की सलाह दी। बताया जाता है कि चालक ने बिना पीछे देखे अचानक ट्रक को बैक करना शुरू कर दिया।

ट्रक के ठीक पीछे चौका थाना क्षेत्र के खूंटी निवासी मनोज रजक अपनी बाइक लेकर खड़े थे। मनोज ने बताया कि उन्होंने लगातार हॉर्न बजाकर और आवाज लगाकर चालक को सतर्क करने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने ध्यान नहीं दिया। ट्रक पीछे आता गया और उनकी बाइक को कुचल दिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मनोज ने तत्काल बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। ट्रक के नीचे आने से बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और ट्रक को रोक लिया। सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पीड़ित मनोज रजक ने ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए वाहन मालिक एवं चालक से क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share This Article