सुधीर महतो की 70वीं जयंती पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने लिया जनसेवा और झारखंड हित में काम करने का संकल्प

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 25 जून : झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं ईचागढ़ के लोकप्रिय जननेता स्वर्गीय सुधीर महतो की 70वीं जयंती पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरायकेला नगर समिति ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। सरायकेला स्थित जोबा माझी संसदीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती ने कहा कि स्व. सुधीर महतो झारखंड आंदोलन के सशक्त योद्धा और जनभावनाओं के सच्चे प्रतिनिधि थे। उन्होंने छात्र राजनीति से लेकर विधानसभा और उपमुख्यमंत्री पद तक हर जिम्मेदारी को जनता के हित में निभाया। उनका सादगीपूर्ण जीवन और संघर्ष आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि स्व. सुधीर महतो ने बिहार एवं झारखंड विधानसभा में ईचागढ़ क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के अनुज होने के कारण उनमें झारखंड और झारखंडियों के अधिकारों के प्रति विशेष समर्पण था। उनके संघर्ष और जनसेवा को हमेशा याद रखा जाएगा।

वहीं नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि स्व. सुधीर महतो ने झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, जनसेवा और झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सामु माझी, गौतम नायक, बबलू सिंह, कृष्णा राना, पंकज साहू, तपन कामिला, हेमंत सिंह समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article