सड़क दुर्घटना में अज्ञात व्यक्ति की मौत, पहचान के लिए पुलिस ने लोगों से मांगी मदद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 25 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर नारगाडीह गांव के समीप सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद चांडिल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। साथ ही, मृतक के संबंध में किसी परिजन अथवा परिचित द्वारा भी थाना में संपर्क नहीं किया गया है।

चांडिल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान कर सके या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो, तो तत्काल चांडिल थाना को सूचित करे। पुलिस ने लोगों से यह भी अनुरोध किया है कि मृतक की पहचान होने पर उसके परिजनों तक दुर्घटना की सूचना पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

Share This Article