खेल मैदानों से जुड़े युवा, नशे और बुराइयों से रहेंगे दूर : मनोज चौधरी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 23 जून : अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, सरायकेला-खरसावां द्वारा आयोजित क्रॉस कंट्री रेस में युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया। रेस में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संस्थाओं और संगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में खिलाड़ियों एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का भी पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशाखोरी और अस्वस्थ जीवनशैली युवाओं के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभर रही है। ऐसे में खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाल ही में बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में तीन खेल मैदानों को जनता को समर्पित किया गया है। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स बैंक की भी शुरुआत की गई है, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी प्रतिभा का विकास प्रभावित न हो।

उन्होंने युवाओं से खेल मैदानों, इंडोर स्टेडियम और उपलब्ध खेल सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही जानकारी दी कि जल्द ही सरायकेला मैदान में जिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

मौके पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, सरायकेला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सिकंदर महतो, जिला खेल संगठन के सचिव दिलदार अंसारी सहित विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article