सरायकेला नगर पंचायत में जलापूर्ति समस्या का होगा स्थायी समाधान : मनोज चौधरी
सरायकेला, 22 जून : नगर क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर सरायकेला नगर पंचायत ने अपनी पहल तेज कर दी है। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप दीर्घकालिक योजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वार्ड संख्या 10 के बजरंगबली मंदिर से दुर्गा मंडप, कंसारी टोला से अटल क्लिनिक तक तथा वार्ड संख्या 6 के थाना चौक से पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में गर्मी के दौरान उत्पन्न होने वाली जलापूर्ति समस्याओं की तकनीकी समीक्षा की गई। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं ने जल वितरण नेटवर्क की कमियों और उनके समाधान के संभावित विकल्पों पर विचार रखा।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में पिछले कई वर्षों से गर्मी के मौसम में जल संकट की समस्या बनी हुई है। इसे अस्थायी उपायों से नहीं, बल्कि स्थायी समाधान के माध्यम से समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में राइजिंग लाइन के माध्यम से प्रभावित इलाकों तक जलापूर्ति पहुंचाने की संभावना पर भी तकनीकी परीक्षण कराने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी), इंटेक वेल, जलमीनारों तथा वितरण नेटवर्क में पूर्व में चिन्हित तकनीकी खामियों की समीक्षा की गई। साथ ही जल उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नए जलमीनारों के निर्माण, वितरण व्यवस्था के आधुनिकीकरण और भविष्य की मांग को देखते हुए 15 एमएलडी क्षमता वाले नए जलापूर्ति ढांचे के विकास पर भी चर्चा हुई।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य केवल वर्तमान समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि आने वाले 25 वर्षों की पेयजल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मजबूत और विश्वसनीय जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करना है।