चांडिल में अनियंत्रित बाइक की टक्कर से महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 20 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चिलगु के पास शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक को भी चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक जमशेदपुर की ओर जा रहा था।  इसी दौरान चिलगु के समीप एक महिला मजदूर अचानक सड़क पार करने लगी। महिला को सामने देखकर बाइक चालक ने दुर्घटना टालने के लिए तत्काल ब्रेक लगाया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और महिला से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय हाइवे किंग शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी क्लीनिक पहुंचाकर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान स्थानीय लोगों ने बुधनी के रूप में की है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है।

स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा सड़क पार करते समय पैदल यात्रियों को भी सतर्क रहने की अपील की है।

Share This Article