बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत, अवैध बालू खनन पर उठे सवाल
नीमडीह, 18 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पलाशडीह गांव में गुरुवार सुबह बालू लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मृतका की पहचान पलाशडीह गांव निवासी अमोती महतो के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह तीन ट्रैक्टर नदी से बालू लेकर गांव के रास्ते तेज गति से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने सड़क किनारे मौजूद महिला को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद तीनों ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर घटनास्थल से फरार हो गए। भागने के दौरान दो ट्रैक्टरों से रास्ते में बालू भी गिरा दिया गया, ताकि वे तेज गति से निकल सकें। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र की नदियों से लगातार अवैध बालू खनन किया जा रहा है और बालू लदे ट्रैक्टर बिना किसी सुरक्षा मानकों का पालन किए गांवों के भीतर से गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की गाइडलाइंस की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टरों की पहचान कर चालकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध बालू खनन एवं परिवहन पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषी ट्रैक्टर चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।