कांड्रा जंक्शन की समस्याएं ZRUCC की 106वीं बैठक में उठेंगी : मनोज चौधरी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कांड्रा जंक्शन की समस्याएं ZRUCC की 106वीं बैठक में उठेंगी : मनोज चौधरी

कांड्रा, 16 जून : कांड्रा जंक्शन क्षेत्र के यात्रियों एवं ग्रामीणों की रेल संबंधी समस्याओं को आगामी ZRUCC (जोनल रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति) की 106वीं बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा। यह आश्वासन नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष एवं ZRUCC सदस्य मनोज कुमार चौधरी ने क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा सौंपे गए मांग-पत्र पर दिया।

समाजसेवी डॉ. जोगेन्द्र प्रसाद, अश्विनी दास एवं अन्य नागरिकों ने ज्ञापन सौंपकर कोविड काल के बाद कांड्रा जंक्शन से हटाए गए 18181/18182 टाटा-थावे एक्सप्रेस के ठहराव को पुनः बहाल करने तथा कांड्रा बाजार एवं झुरिया-ईचागढ़ क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए रेलवे पोल संख्या 391/S-11A के समीप अंडरपास अथवा लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) निर्माण की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि रेलवे लाइन के कारण कांड्रा बाजार एवं आसपास के कई क्षेत्र दो भागों में विभाजित हो गए हैं। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में पुलिया में जलजमाव से समस्या और बढ़ जाती है।

मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ये केवल स्थानीय नहीं बल्कि हजारों लोगों के दैनिक जीवन से जुड़ी जनहित की समस्याएं हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में सरायकेला जिला मुख्यालय को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए सर्वेक्षण, चाईबासा से रांची, कोलकाता और पुरी के लिए नई रेल सेवाएं, कोल्हान में MEMU व पैसेंजर ट्रेनों का विस्तार, चाईबासा में रेलवे अवसंरचना विकास तथा चक्रधरपुर मंडल में ट्रेनों के विलंब की समस्या समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कोल्हान क्षेत्र भारतीय रेल को बड़ा राजस्व देता है, इसलिए यहां बेहतर रेल सुविधाएं और आधुनिक अवसंरचना उपलब्ध कराना आवश्यक है।

Share This Article