अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी तेज, 21 जून को इंडोर स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी तेज, 21 जून को इंडोर स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम

सरायकेला, 16 जून : आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने की। इस दौरान 21 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम 21 जून को सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक सरायकेला इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

उप विकास आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा एवं पार्किंग सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला मुख्यालय के अलावा सभी अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालयों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, आवासीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी योग कार्यक्रम आयोजित कर अधिकाधिक विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

डीडीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए आयुष, शिक्षा, खेल, जनसंपर्क विभाग, नेहरू युवा केंद्र, जेएसएलपीएस समेत विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक जनसहभागिता पर बल दिया।

बैठक में डीआरडीए निदेशक अजय तिर्की, आईटीडीए निदेशक उषा मुंडू, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article