विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला कारा सरायकेला में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
सरायकेला, 05 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला कारा, सरायकेला परिसर में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी सह प्रभारी जेल अधीक्षक अभिनव प्रकाश ने किया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश एवं सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कारा कर्मियों एवं अन्य लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ पौधारोपण में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिनव प्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एक महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कारा कर्मी उपस्थित रहे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।