13वीं सीनियर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में दम दिखाएगी सरायकेला-खरसावां की टीम

Manbhum Updates
2 Min Read

13वीं सीनियर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में दम दिखाएगी सरायकेला-खरसावां की टीम

सरायकेला, 03 जून : झारखंड राज्य कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान एवं धनबाद जिला कबड्डी संघ की मेजबानी में 5 से 7 जून तक धनबाद स्थित डॉ. जे.के. सिंह मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग में आयोजित होने वाली 13वीं सीनियर राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां जिला कबड्डी संघ की महिला एवं पुरुष टीम हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों की टीमें अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
जिला कबड्डी संघ के सचिव शंभू सेन ने बताया कि सरायकेला-खरसावां की टीम 4 जून को जमशेदपुर से धनबाद के लिए रवाना होगी। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन पूर्व में आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। चयनित खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि टीम के खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर काफी उत्साह है और सभी खिलाड़ी जिले का बेहतर प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। टीम के कोच एवं पदाधिकारी भी खिलाड़ियों को आवश्यक मार्गदर्शन दे रहे हैं।
कोल्हान प्रभारी श्यामल दास, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार पोद्दार तथा कोषाध्यक्ष बहादुर कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सरायकेला-खरसावां की महिला एवं पुरुष टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी।
जिला खेल प्रेमियों की निगाहें भी इस प्रतियोगिता पर टिकी हुई हैं और सभी को उम्मीद है कि जिले के खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से पदक जीतकर लौटेंगे।

Share This Article