जनगणना कार्य में रुचि नहीं लेने पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के खिलाफ आरोप पत्र गठित करने का निर्देश
सरायकेला, 2 जून : जनगणना 2027 के कार्य में अपेक्षित रुचि नहीं लेने और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में चांडिल के प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी हराधन भूमिज के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में जिला जनगणना कोषांग, सरायकेला-खरसावां द्वारा चांडिल के अंचल अधिकारी को पत्र जारी कर आरोप पत्र गठित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी के निर्देश पर जारी पत्र में कहा गया है कि जनगणना 2027 के कार्य में हराधन भूमिज की रुचि नहीं लेने की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-चार्ज जनगणना पदाधिकारी, चांडिल द्वारा पत्रांक 577 दिनांक 12 मई 2026 के माध्यम से दी गई थी।इसके आलोक में जिला जनगणना कार्यालय ने 20 मई 2026 को स्पष्टीकरण मांगा था।
हराधन भूमिज द्वारा 27 मई 2026 को स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया, लेकिन उसमें जनगणना कार्य करने से संबंधित कोई प्रमाण संलग्न नहीं पाया गया।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि जनगणना 2027 के परिपत्र-16 की कंडिका 8 में वर्णित धारा 11(1)(क) के तहत कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता के मामले में नियमानुसार आरोप पत्र तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा जाना आवश्यक है।
इसी क्रम में निर्देश दिया गया है कि हराधन भूमिज, प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, चांडिल के विरुद्ध आरोप पत्र गठित कर शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को जनगणना 2027 के कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।