चापड़ से की गई थी युवक की निर्मम हत्या, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चापड़ से की गई थी युवक की निर्मम हत्या, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद

चांडिल, 1 जून : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गत 15 मई को हुए चर्चित हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 15 मई को कपाली ओपी अंतर्गत डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट, पुड़िसिली के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। युवक की बेहद क्रूरतापूर्वक चापड़ एवं भुजाली से वार कर हत्या की गई थी। बाद में मृतक की पहचान मो. तौसीफ उर्फ राज (21 वर्ष), गाड़ीवान पट्टी, किताडीह, थाना परसुडीह, जमशेदपुर निवासी के रूप में हुई थी।
घटना के बाद चांडिल (कपाली ओपी) थाना में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अहमद जमील अंसारी (30 वर्ष) को 31 मई को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा जारी किए गए प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

दूसरे आरोपी की भी मिली संलिप्तता

पुलिस पूछताछ में इस हत्याकांड में साबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नू बच्चा की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, उक्त आरोपी पहले से ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार होकर 20 मई 2026 से जेल में बंद है। अब उसे इस हत्या कांड में पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
गिरफ्तार आरोपी अहमद जमील अंसारी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। उसके विरुद्ध वर्ष 2023 में सोनारी थाना में मारपीट, चोरी एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

छापेमारी दल में शामिल थे ये अधिकारी

इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक एवं अनुसंधानकर्ता हसनैन अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह तथा कपाली ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Share This Article