झारखंड में भीषण गर्मी को लेकर मुख्यमंत्री का बड़ा निर्देश, हर सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर होगी पेयजल व्यवस्था

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड में भीषण गर्मी को लेकर मुख्यमंत्री का बड़ा निर्देश, हर सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर होगी पेयजल व्यवस्था

 

रांची, 23 मई : सूबे के सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), पंचायत प्रतिनिधियों एवं सरकारी कार्यालयों को आदेश दिया है कि कार्यालयों के बाहर तथा सार्वजनिक स्थलों पर लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि भीषण गर्मी के दौरान राहगीरों और आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए जगह-जगह पेयजल उपलब्ध कराया जाए और इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित की जाए, ताकि लोगों को आसानी से सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि जहां कहीं भी जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल प्रभाव से टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने तथा अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य के किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जनहित को सर्वोपरि रखकर काम करे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Share This Article