साहेरबेड़ा में रहिन पर्व पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, तैयारी जोरों पर
चांडिल, 20 मई : चांडिल प्रखंड अंतर्गत साहेबेड़ा गोलचक्कर में 27 मई से रहिन पर्व 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में पारंपरिक छऊ नृत्य, झूमर पाता नाच एवं मुर्गा लड़ाई प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन समिति की ओर से जारी सूचना के अनुसार 27 मई बुधवार की शाम 7 बजे से छऊ नृत्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें विनय बादल दिनेश संघ छऊ नृत्य पार्टी, भारतीय जनकल्याण छऊ नृत्य पार्टी तथा सांस्कृतिक आदिवासी छऊ नृत्य पार्टी अपनी प्रस्तुति देंगे। विभिन्न जिलों से आने वाले कलाकार पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक पेश करेंगे।
वहीं 28 मई गुरुवार की शाम 6 बजे से प्रसिद्ध कलाकार राजदूत महतो द्वारा झूमर पाता नाच का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके अलावा 28, 29 एवं 30 मई को मुर्गा लड़ाई प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। आयोजन समिति ने बताया कि मेले में धारदार हथियार लेकर घूमना एवं शराब बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।